लखनऊ/नई दिल्ली। कोरोना को लेकर देश की सरकार से लेकर बॉलीवुड, मीडिया, पुलिस अफसर सभी लोगो को एलर्ट करने मे लगे हुई है। बार-बार कोरोना से बचाव के लिए नियम बताए जा रहे हैं। बार बार बताने के बाद भी बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर ने कोरोना को लेकर लापरवाही दिखाई हैं। कनिका 9 मार्च को ही लंदन से वापिस आई हैं, बिना जांच कराये वह कम से कम 4 पार्टी और एक फैमिली फंक्शन में शामिल हुईं, जिनके सबूत हर कहीं मौजूद हैं। 13 मार्च को लखनऊ के ताज होटल में हुई एक पार्टी में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बेटे दुष्यंत सिंह और बहू निहारिका के साथ भी कनिका मौजूद थीं। कनिका कोरोना पॉज़िटिव थी। कनिका के कोरोना पॉजिटव होने की खबर के बाद वसुंधरा और दुष्यंत ने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया। हालांकि बात यहीं खत्म नहीं होती भाजपा सांसद दुष्यंत के ट्विटर अकाउंट से पता चलता है कि वे दो दिन पहले राष्ट्रपति भवन में हुए कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।
दुष्यंत सिंह ने दो दिन पहले राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई सांसदों के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से नाश्ते पर मुलाकात की थी। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 96 सांसद आए थे। इस कार्यक्रम की जारी तस्वीर में दुष्यंत राष्ट्रपति के ठीक पीछे खड़े दिख रहे हैं। दुष्यंत के साथ मौजूद प्रमुख नेताओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर, मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, कांग्रेस की कुमारी सैलजा और बॉक्सर मैरी कॉम शामिल हैं। इधर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने सभी अपाइनमेंट निरस्त कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति अपनी जांच भी कराएंगे।
15 मार्च के बाद से दुष्यंत कम से कम तीन दिन लोकसभा भी पहुंचे थे और वहां की कार्यवाही में शामिल हुए थे। उनके संपर्क में आने वाले कई भाजपा और विपक्षी दल के नेता अब खुद को क्वारैंटाइन कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ ब्रायन, दुष्यंत के साथ ढाई घंटे बैठे थे। अब उन्होंने खुद को अलगथलग कर लिया है। इसी तरह अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल, भाजपा सांसद वरुण गांधी और कांग्रेस सांसद दीपेंदर हुड्डा ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है। इनके अलावा यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व सांसद जितिन प्रसाद ने भी खुद को अलग-थलग रहने का फैसला लिया है।
जबलपुर मे चार लोग पॉज़िटिव : कोरोना का शिकार एक और शहर। जबलपुर के कलेक्टर भरत यादव ने चार पॉज़िटिव मामलो की पुष्टि की खबर दी हैं। बताया जा रहा हैं जबलपुर के गोलबाजार क्षेत्र के सराफा व्यापारी और उनकी पत्नी अपने बेटे से मिलने दुबई गए हुये थे, वे दो दिन पहले ही वहाँ से लौटे हैं। चौथा पॉज़िटिव सिविल लाइन निवासी युवक हैं जो तीन दिन पहले ही स्विट्जरलैंड से लौटा हैं।