भोपाल। होटल पलाश के सामने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत निर्माणाधीन गवर्नमेंट हाउसिंग प्रोजेक्ट में मजदूरी कर रहे राजू मैदा (22 वर्षीय) पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गया। राजू को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात को इजाल के दौरान उसकी मौत हो गई। वही, स्मार्ट सिटी कंपनी इस घटना को दबाने की कोशिश करते हुएकंपनी के अफसर ऐसे किसी घटना से इनकार करते रहे, तो वही कुछ मजदूरों ने दशहरा मैदान के सामने स्थित दुकानदारों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दशहरा मैदान व्यापारी संघ के अध्यक्ष त्रिभुवन मिश्रा ने अपने साथियों के साथ वहां हंगामा मचाया। देर शाम को स्मार्ट सिटी के सीईओ दीपक सिंह और अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। टीआई संजीव चौकसे ने घटना की पुष्टि की है। राजू की मृत्यु की सूचना थाने में दर्ज है। स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ दीपक सिंह ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
स्मार्ट सिटी कंपनी की लापरवाही- स्मार्ट सिटी कंपनी यहां 20 मंजिल के छह टॉवर बना रही है। लेकिन हाईराइज बिल्डिंग के निर्माण में सुरक्षा के इंतजाम के नाम पर केवल बैरिकेड लगा दिए गए हैं। ऊपरी मंजिलों पर काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा के लिए नीचे जाल लगाया जाना चाहिए ताकि दुर्घटना की स्थिति में वे सीधे जमीन पर आकर न गिरें। लेकिन इसका यहां कोई इंतजाम नहीं किया गया है। इसके साथ ही यहां फर्स्ट एड का भी कोई इंतजाम नहीं किया गया है।
पाँचवी मंजिल से गिरने पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर काम रहे मजदूर की मौत।