भोपाल। सरकार में अधिकारियों की किचन कैबिनेट पर लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के बयान के बाद निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने भी जताई नाराजगी कहा कि सरकार पर पूरी तरह से ब्यूरोक्रेसी हावी है। निगम-मंडलों की नियुक्तियों में हो रही देरी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में निराशा है। इसलिए मुख्यमंत्री को जल्द नियुक्तियां करना चाहिए।
दरअसल, इंदौर में हुये कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में रविवार को सज्जन सिंह वर्मा ने कहा था कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश मे अपनी पसंद के अधिकारियों की किचन कैबिनेट बनाई हुई हैं, और उन्हीं की सिफारिश पर इंदौर जैसी जगह पर अधिकारियों को भेजा जा रहा है। इसमें मंत्रियों का कोई रोल नहीं है। वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के साथ कान में फुसफुसाते फोटो जारी कर वे कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि हम दिग्विजय के कार्यकाल में इसलिए फेल हुए क्योंकि मुख्यमंत्री रहते उनके आंख, कान, नाक कलेक्टर और एसपी हुआ करते थे। आज जब उनसे यह पूछा गया कि किचन कैबिनेट में कौन से अफसर हैं तो उन्होंने कहा कि मुझे जो कहना था कह दिया। मैंने तो जनता की पीड़ा बताई थी। अब इस विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहता।