ठाड़े/मुंबई। मुंबई की जानी मानी लेखिका पूनम अहमद के प्रथम कहानी संग्रह 'कभी अपने लिए' का विमोचन ठाणे के हैप्पी वैली क्लब हाउस में शहर की गणमान्य हस्तियों के बीच 9 फरवरी को संपन्न हुआ। भिन्न भिन्न पृष्ठभूमि की चौबीस कहानियों से सजे इस गुलदस्ते में लेखिका द्वारा जिंदगी के हर पहलू को समेटा गया है।
पूनम अहमद के अनुसार इस कहानी संग्रह का प्रकाशन माया राही जी एव संजीव जायसवाल जी की प्रेरणा से ही संभव हो पाया। उनके परिवार और दोस्तों का भी इसमें अहम योगदान रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रख्यात लेखिका माया राही जी ने अपने विचारों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि हर स्त्री सपने तो देखती है परंतु उन्हें पूरा करने के प्रयास में कहीं न कहीं चूक जाती है। आज जरूरत इस बात की है कि देखे गए सपनो को हम अपनी लगन और मेहनत से ऊंची उड़ान देकर उन्हें पल्लवित और पूरा करने का संकल्प लें।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर पधारी रेनू मंडल तथा प्राची भारद्वाज ने भी मंच पर अपने विचार रखे। पूनम पाठक द्वारा आयोजन का सफल संचालन किया गया तथा अंत में पूनम अहमद द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें डिनर के लिए आमंत्रित किया गया। 